वाराणसी सिटी से गोरखपुर की यात्रा के लिए टिकट बुक कराने वाले एक यात्री ईशान बाजपेयी के साथ अनोखी समस्या सामने आई है। उन्होंने गाड़ी नंबर 15132, बीसीवाई एनपीआर एक्सप्रेस में अपना टिकट बुक कराया था, जिसमें एसी 2-टियर के A1 कोच में साइड अपर बर्थ नंबर 54 कंफर्म दर्ज था। लेकिन जब वे कोच में पहुंचे, तो देखा कि वहां कुल 52 बर्थ ही थीं और उनकी बर्थ मौजूद ही नहीं थी।

ईशान ने बताया कि रात करीब पौने 11 बजे उनके सामने यह मुसीबत आई। उन्होंने कोच के अंदर का वीडियो रिकॉर्ड किया और रेल मंत्रालय तथा 'रेलवे सेवा' को टैग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उनके टिकट का स्टेटस CNF/A1/54/SU दिखा रहा था, यानी कोच A1 में बर्थ नंबर 54 कंफर्म थी, लेकिन कोच में ऐसी कोई सीट नहीं थी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि देर रात बिना कंफर्म सीट के जाना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने बताया कि वे पहले ही रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए शिकायत दर्ज करा चुके थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

मामला सोशल मीडिया पर सामने आते ही हंगामा मच गया। इसके बाद पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए 'रेलवे सेवा' ने माफी मांगी। रेलवे ने कहा कि शिकायत को जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। साथ ही जल्द से जल्द सहायता के लिए 'रेल मदद' पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने का सुझाव भी दिया।

रेलवे ने माफी मांग ली है, लेकिन सवाल अब भी बना हुआ है कि यात्री को 52 बर्थ वाले कोच में 54 नंबर की बर्थ कैसे मिल गई।