वाराणसी और पूर्वांचल में अचानक तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं के असर से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी है। विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट तथा घने कोहरे का अनुमान जताया है।

वाराणसी में देर रात से ठंडक बढ़ी और सुबह तीन बजे के बाद गलन का असर दिखने लगा। सुबह कुहासे के बीच कंपकंपी महसूस की गई। बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है। इस दौरान आर्द्रता 70 प्रतिशत से 91 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह मौसम में अधिक बदलाव की उम्मीद नहीं जताई है। विभाग के अनुसार सप्ताह के अंत तक तापमान 10 डिग्री से नीचे भी जा सकता है। सुबह तेज हवाओं का दौर रहा, लेकिन धूप खिलने के बाद सूरज के ताप से कुछ राहत मिली। अंचलों में कोहरा सघन है, जबकि शहर और कस्बों के भीतर यह कम रहा। विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरा और घना होने का अनुमान जताया है।