गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार के पास अर्थला के डूब क्षेत्र में नगर निगम की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाए जाने की शिकायत पर मेयर सुनीता दयाल ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। यहां नगर निगम के खसरा नंबर 1781, 1782, 1783, 1754, 1785 और 1786 की कुल 5590 वर्गमीटर जमीन की पैमाइश कराई गई। जमीन पर कई मकान बने मिले। मेयर ने मकान मालिकों से जमीन खाली करने की अपील की और स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

मेयर ने शिकायत मिलते ही संपत्ति विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील से लेखपाल को बुलाकर जमीन की पैमाइश कराई। मेयर ने मौके पर मौजूद मकान मालिकों से कहा कि यह जमीन सरकारी और नगर निगम की है। जिन लोगों ने भी जमीन खरीदकर मकान बनाए हैं, वे मकान खाली कर दें और जमीन बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।

मेयर ने कहा कि भूमाफिया गरीब लोगों को डूब क्षेत्र और सरकारी जमीन पर प्लॉट बेचकर उनकी जीवनभर की कमाई फंसा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर जमीन बेचने वाले कुछ लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।

मेयर ने सभी से अपील की कि प्लॉट, जमीन या मकान खरीदने से पहले तहसील और सरकारी कार्यालयों में उसकी जांच जरूर कर लें, जिससे मेहनत की कमाई अवैध जमीन खरीदने में बर्बाद न हो। मौके पर संपत्ति प्रभारी चंद्रकांता, नायब तहसीलदार मोहन लाल, लेखपाल मनोज और आरआई ओमपाल सिंह मौजूद रहे।