वाराणसी के थाना मिर्जामुराद क्षेत्र के डोमला गांव निवासी 60 वर्षीय खरपत्तू की गुरुवार को कछवा रोड के पास बाइक की टक्कर से मौत हो गई। मृतक के पुत्र पवन कुमार ने आरोप लगाया है कि उनके पिता की यह मौत हत्या है, जो कचहरी में चल रहे जमीन विवाद के मुकदमे के सिलसिले में की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी मुकदमे के कागजात की फाइल लेकर फरार हो गए।

पवन कुमार के मुताबिक, उनके पिता का गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसका मुकदमा वाराणसी कचहरी में चल रहा है। खरपत्तू उसी मुकदमे के सिलसिले में वाराणसी जा रहे थे, तभी कछवा रोड के पास यह घटना हुई। आरोप है कि विपक्षी ने बाइक से टक्कर मारकर उनकी हत्या कर दी और मुकदमे के कागजात की फाइल भी लेकर भाग गया।

घटना की तहरीर थाने में दी गई है। मृतक के पुत्र ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।