लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें जूनियर छात्र-छात्राएं कतार में खड़े होकर सीनियर छात्रों से 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' कहते नजर आ रहे थे। इस मामले में KGMU प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कुल 38 MBBS छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है। प्रशासन के आदेश के अनुसार सभी दोषी छात्रों को तीन माह तक क्लास और हॉस्टल से बाहर रखा गया है, प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है और एक वर्ष तक उनकी स्कॉलरशिप रोक दी गई है।
KGMU की एंटी रैगिंग कमेटी की जांच में सामने आया कि सीनियर छात्र रात 12 से 2 बजे तक जूनियर छात्रों को जगाकर रखते थे और वीडियो कॉल करके परेशान करते थे। जांच के मुताबिक सीनियर्स जूनियर्स को गाने और म्यूजिक पर डांस करने के लिए मजबूर करते थे तथा मना करने पर गाली-गलौज व अभद्रता की जाती थी। जूनियर छात्रों को सीनियर्स के सामने कतार में खड़े होकर 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' कहने के लिए भी विवश किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि MBBS 2026 बैच के दो जूनियर छात्र सीनियर्स की इस रैगिंग में मदद कर रहे थे। कमेटी ने उन्हें भी दोषी मानते हुए कार्रवाई के दायरे में लिया है। कार्रवाई में MBBS 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के 2 छात्र शामिल हैं।
बताते चलें कि वीडियो वायरल होने और शिकायतें मिलने के बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच की और 19 नवंबर की बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई पर सहमति बनी। कुलपति की मंजूरी मिलने के बाद निलंबन व जुर्माने का आदेश जारी किया गया। इससे पहले रैगिंग की शिकायतों और वीडियो सामने आने के बावजूद KGMU प्रशासन शुरुआत में इसे रैगिंग मानने से इनकार करता रहा था।
KGMU प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने स्पष्ट किया कि जूनियर छात्रों को डराने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे रैगिंग की सूचना तत्काल एंटी रैगिंग कमेटी या प्रशासन को दें।
