चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने तिरुमला तिरुपति मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के आभूषण दान किए हैं। इन आभूषणों की कीमत करीब 150-160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गुरुवार को हुए इस दान के मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उनकी पत्नी नारा भुवनेश्वरी भी मौजूद थीं। आभूषणों में मुकुट, बाजूबंद, कंधों के आभूषण, कमरबंद और पैरों के आभूषण शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल रोजाना के धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष अवसरों पर किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैन 2019 से तिरुमला मंदिर की कई योजनाओं में योगदान देते आ रहे हैं।

वर्धमान जैन की पहचान सिर्फ एक बड़े दानदाता के तौर पर नहीं है। वह हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी, बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) और ऑटोमेशन के क्षेत्र के उद्यमी हैं। उन्होंने एक्सेस हेल्थकेयर नाम की कंपनी खड़ी की, जो अस्पतालों, डॉक्टरों और हेल्थकेयर संस्थानों को टेक्नोलॉजी आधारित सेवाएं देती है। कंपनी मेडिकल बिलिंग, मेडिकल कोडिंग, क्लेम प्रोसेसिंग और दूसरे प्रशासनिक कामों को आसान बनाने का काम करती है।

जैन ने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से स्टैटिस्टिक्स की पढ़ाई की और इसके बाद अमेरिका जाकर टेक्सास यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी, मेडिकल कोडिंग, इमेज प्रोसेसिंग और रोबोटिक प्रोसेस ऑटोमेशन (RPA) के क्षेत्र में काम किया। उद्यमी बनने से पहले वह विजन हेल्थसोर्स के को-फाउंडर रहे और डेल सर्विसेस के बीपीओ डिवीजन के मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाली।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2025 में जैन ने एक्सेस हेल्थकेयर में अपनी 70% हिस्सेदारी एक अमेरिकी कंपनी को बेच दी। यह सौदा करीब 2 अरब डॉलर (लगभग 18000 करोड़ रुपये) के वैल्यूएशन पर हुआ था। हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी के अलावा वह इंजीनियरिंग और दूसरे कारोबारी उपक्रमों से भी जुड़े बताए जाते हैं। गुरुवार शाम 4 बजे एमसीएक्स पर सोने का भाव करीब 1.22 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, जिस हिसाब से 121 किलो सोने की कीमत करीब 148 करोड़ रुपये होती है।