जौनपुर के मल्हनी स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी विधि संस्थान के मूट कोर्ट में संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते विधिक परिवेश में तकनीकी दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

कुलपति ने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है और इसके मूल्यों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर व्यवहार में उतारना जरूरी है। बढ़ते साइबर अपराधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विधि के विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक कानूनों के साथ साइबर कानून और साइबर फॉरेंसिक की समझ भी जरूरी हो गई है। डिजिटल साक्ष्यों और फॉरेंसिक तकनीकों की जानकारी से विद्यार्थी मामलों की गहराई तक पहुंचकर साक्ष्यों का बेहतर विश्लेषण कर सकेंगे और उनके समाधान में तेजी ला सकेंगे। उन्होंने कहा कि साइबर फॉरेंसिक विधि विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और रोजगार की नई संभावनाएं भी खोल रहा है।

कुलसचिव विनोद कुमार सिंह ने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं का मजबूत आधार है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक आदर्श समाज को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुरा मिश्र ने किया। इस दौरान प्रो. देवराज सिंह, प्रो. गिरधर मिश्र, डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. वनिता सिंह, डॉ. राहुल राय, डॉ. रजित राम सोनकर, डॉ. अंकित कुमार, डॉ. राजन तिवारी, डॉ. आश्रेया दुबे, डॉ. विपिन सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. शुभम सिंह और डॉ. प्रियंका कुमारी सहित संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।