नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान चर्चा में आए विजेता दहिया ने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा है। दहिया ने मंगलवार रात पोस्ट किए गए एक वीडियो में दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री की उस पहल पर सवाल उठाए, जिसमें वे बागेश्वर बाबा यानी धीरेंद्र शास्त्री के एक कार्यक्रम में पहुंचे और पंजाब चुनाव में मान सरकार की दोबारा जीत के लिए आशीर्वाद मांगा।
विजेता दहिया ने कहा कि वे पहले आम आदमी पार्टी का समर्थन कर चुके हैं और उन्हें इस बात का दुख है। उन्होंने सवाल किया कि राजनीति में कोई अपना स्तर इतना कैसे गिरा सकता है। दहिया ने कहा कि वे ऐसी राजनीति पर थूकते हैं और ऐसी जीत में कोई खुशी नहीं होनी चाहिए।
दहिया ने आगे कहा कि पांच साल में कुछ काम नहीं किया गया, इसलिए ऐसा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया जैसे पढ़े-लिखे शख्स भी राजनीति के लिए अंधविश्वास का रास्ता अपना रहे हैं। दहिया ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के समर्थन में नारे लगाए थे और उम्मीद थी कि यह पार्टी कुछ अच्छा करेगी।
विजेता दहिया इन दिनों अपनी राजनीतिक बयानबाजियों को लेकर चर्चा में हैं और सोशल मीडिया पर अगले साल पांच राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर भी सक्रिय रहते हैं।
