मुंबई। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने आजम खान के हालिया बयानों की कड़ी आलोचना की है और उनसे माफी मांगने की मांग की है। पठान ने कहा कि जब आजम खान और उनका परिवार जेल में था, तब वे उनकी सेहत के लिए दुआ करते थे, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद वे ऐसे बयान दे रहे हैं जिनसे ऐसा लगता है कि उन्हें पहले से तैयार करके भेजा गया है।
पठान ने कहा कि आजम खान दाढ़ी और 'अब्दुल' पर टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दाढ़ी मुसलमानों की अकीदा और सुन्नत है और एक बड़े नेता को इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए। उन्होंने आजम खान से अपने बयानों के लिए अल्लाह से और जनता से माफी मांगने की बात कही।
वारिस पठान ने आजम खान के उस बयान पर भी नाराजगी जताई, जिसमें उनकी पार्टी की हैसियत पर सवाल उठाया गया था। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम के तेलंगाना में विधायक और दो एमएलसी हैं, सांसद असदुद्दीन ओवैसी हैं, तथा बिहार और महाराष्ट्र में भी पार्टी के विधायक हैं। कई राज्यों में पार्टी के कॉर्पोरेटर हैं।
पठान ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन तथा सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन के बाद से कुछ लोगों को तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने से कुछ लोगों को स्वीकार नहीं हो रहा कि एक गरीब परिवार का दलित बेटा मुख्यमंत्री कैसे बन सकता है। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए पूछा कि उस समय अखिलेश यादव सरकार में क्या कदम उठाए गए थे।
