कृषि विज्ञान केंद्र ढकरानी के विज्ञानियों ने पछवादून के किसानों को गेहूं की बुवाई में संतुलित उर्वरक और फर्टी सीड ड्रिल विधि अपनाने की सलाह दी है, ताकि उत्पादन बढ़ सके। दून के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में गेहूं की बड़े पैमाने पर खेती होती है। मैदानी क्षेत्रों में धान के बाद गेहूं बोया जाता है और दोनों फसलें मिट्टी से काफी पोषक तत्व लेती हैं, इसलिए उर्वरता बनाए रखने के लिए खाद और उर्वरकों का संतुलित इस्तेमाल जरूरी है।
केंद्र के विज्ञानी डा. संजय राठी ने बताया कि गेहूं के लिए नत्रजन, फास्फोरस, पोटाश और जिंक अहम पोषक तत्व हैं। बुवाई से पहले मृदा उर्वरता जांच करानी चाहिए, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण कई किसान जांच नहीं करा पाते और अनुभव के आधार पर उर्वरक डालते हैं। उन्होंने बताया कि यूरिया से मिलने वाला नत्रजन पौधों की वृद्धि में मदद करता है, फास्फोरस जड़ों के विकास को नियंत्रित करता है, जबकि पोटाश पोषक तत्वों के बीच संतुलन बनाए रखने और रोग व कीट के प्रति प्रतिरोधक क्षमता में भूमिका निभाता है। जिंक की कमी होने पर बुवाई के 30-35 दिन बाद सिंचाई के पश्चात पत्तियां पीली या भूरी पड़ने लगती हैं, जिससे उत्पादन घटता है।
विज्ञानी ने गेहूं में प्रति बीघा 10 से 12 किग्रा एनपीके डालने की सलाह दी है। यदि धान में जिंक नहीं दिया गया हो, तो गेहूं में प्रति बीघा दो किग्रा जिंक दें। एनपीके उपलब्ध न होने पर प्रति बीघा 5 किग्रा डीएपी, 5 किग्रा पोटाश और 2 किग्रा जिंक इस्तेमाल किया जा सकता है। धान में पूरी मात्रा में उर्वरक डालने के बाद उसी खेत में गेहूं बोने पर फास्फोरस की एक चौथाई अथवा आधी मात्रा ही दें। बुवाई के समय डीएपी के साथ यूरिया न डालें, क्योंकि इससे लागत बढ़ती है और पोषक तत्वों का लाभ नहीं मिलता। धान में जिंक दिया गया हो तो गेहूं में दोबारा इसका इस्तेमाल न करें। तोरिया के बाद गेहूं बोने पर, यदि गंधक नहीं डाला गया हो, तो प्रति बीघा दो किग्रा सल्फर बेंटोनाइट दें।
विज्ञानी के अनुसार, उर्वरक बीज के पास उचित दूरी और गहराई पर डालना चाहिए। इसके लिए फर्टी सीड ड्रिल विधि उपयोगी है, क्योंकि इससे उर्वरक बीज के साथ कतार में रहता है और फसल को उसका पूरा लाभ मिलता है।
