मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को हुई, जिसमें औद्योगिक विकास, निवेश विस्तार, किसानों के हित, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े 12 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा यीडा अध्यक्ष आलोक कुमार ने की, जबकि मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30 अक्टूबर 2025 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1,746.38 करोड़ रुपये थीं, जो वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर 2026 तक बढ़कर 7,071.48 करोड़ रुपये हो गईं। इस तरह पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले प्राप्तियों में लगभग चार गुना वृद्धि दर्ज की गई। भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित 8,000 करोड़ रुपये के बजट में से 4,985.47 करोड़ रुपये यानी 62.32 प्रतिशत खर्च हो चुके हैं। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के भूमि अधिग्रहण पर 566.15 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, निर्माण एवं विकास कार्यों पर 383 करोड़ रुपये तथा विशेष परियोजनाओं के लिए एनएचएआई को 555.38 करोड़ रुपये दिए गए।
निवेश आकर्षित करने के लिए यीडा ने उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को अंगीकृत किया है। इन्वेस्ट यूपी से प्राप्त लैंड फैसिलिटेशन लेटर और निवेश सारथी पोर्टल पर मिल रहे निवेश प्रस्तावों को देखते हुए सेक्टर-4ए और 8ई में औद्योगिक भूखंडों के लिए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि खरीदने का निर्णय लिया गया। आवासीय भूखंड आवंटियों को राहत देते हुए लीज डीड निष्पादन के बाद भवन निर्माण की निःशुल्क समयसीमा 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2027 कर दी गई है।
बोर्ड ने जिकरपुर से टप्पल कट तक यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे क्षतिग्रस्त हॉलेज रोड की मरम्मत के लिए 665.64 लाख रुपये की अनुमानित लागत को मंजूरी दी। पर्यावरण संरक्षण और विमानन सुरक्षा को देखते हुए यीडा वेस्ट मैनेजमेंट (रेगुलेशन एंड कंट्रोल) बायलॉज-2026 के ड्राफ्ट गजट नोटिफिकेशन को स्वीकृति दी गई, जिसमें एनजीटी, डीजीसीए और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर जोर दिया गया है। संस्थानों में रेस्को पद्धति पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली, जिसका क्रियान्वयन नेडा द्वारा अनुमोदित एजेंसी के माध्यम से होगा। आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 के ड्राफ्ट प्रतिवेदन और भू-उपयोग मानचित्र को अनुमोदित कर शासन की स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया, और 12 अक्टूबर 2026 को जारी मॉडल भवन विनियम-2026 को भी अंगीकृत किया गया।
किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्राधिकरण अब तक 14,281 किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड देने के लिए प्रकाशन कर चुका है। इनमें 11,229 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए गए हैं तथा विभिन्न सेक्टरों में 5,147 भूखंड नियोजित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर (नो लिटिगेशन इंसेंटिव) के तहत किसानों को लगभग 3,183.13 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
