पूर्वी दिल्ली के यमुनापार इलाकों में गांजा, स्मैक और हेरोइन की बिक्री जारी होने के बीच नंद नगरी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में ड्रग्स कंट्रोल विभाग की बैठक हुई। उत्तर पूर्वी जिला विकास समिति के चेयरमैन जितेंद्र महाजन की अध्यक्षता वाली इस बैठक में पुलिस और प्रशासन समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए।
पिछली बैठक में महाजन रिहायशी क्षेत्रों से खरीदी गांजा और स्मैक की पुड़िया अपने साथ लेकर आए थे। ताजा बैठक में पुलिस अधिकारी कलंदर कॉलोनी, पुरानी सीमापुरी और कोढ़ी कॉलोनी के पास से खरीदे गए इन नशीले पदार्थों के मामले में हुई ठोस कार्रवाई का जवाब नहीं दे सके। पुलिस अधिकारियों ने कानूनी खामियों का हवाला देते हुए मजबूरी जताई कि तस्करों की गिरफ्तारी के बाद अक्सर रिमांड नहीं मिल पाता, जिससे नशे के पूरे नेटवर्क तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि कलंदर कॉलोनी, सीलमपुर झुग्गियां, वेलकम की जनता कॉलोनी, कोढ़ी कॉलोनी और सनलाइट कॉलोनी नशे के बड़े हॉटस्पॉट बन चुके हैं। आरोप है कि पुलिस के कुछ कर्मियों की सांठगांठ से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है और शिकायतों के बाद कार्रवाई के नाम पर केवल बीट कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया जाता है, जबकि थानाध्यक्ष या एसीपी स्तर के अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं होती। सूत्रों के अनुसार कई बड़े नाम इस धंधे से जुड़े बताए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस केवल छोटी पुड़िया बेचने वालों को पकड़कर ही सीमित रह जाती है।
बैठक में चेयरमैन ने शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि नियमों के तहत स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में सिगरेट और तंबाकू बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद कई स्कूलों के पास इनकी बिक्री हो रही है। उन्होंने नगर निगम, पुलिस और प्रशासन को संयुक्त टीम बनाकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
