यमुनापार में ट्रैक्टर माफिया रात के अंधेरे में निर्माण और विध्वंस कार्यों से निकलने वाले मलबे को सड़कों, खाली स्थानों और फुटपाथ पर अवैध रूप से डंप कर रहे हैं। इससे यातायात बाधित होने के साथ राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। स्वामी दयानंद मार्ग से कड़कड़डूमा और आउटर रिंग रोड तक जगह-जगह मलबा जमा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर मलबा फैलने से दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।

स्वामी दयानंद मार्ग पर सड़क के आधे से ज्यादा हिस्से पर मलबे के ढेर लगे होने से वाहनों के निकलने की जगह कम हो गई है। राहगीरों के मुताबिक दोपहिया वाहन चालकों को मलबे और धूल के बीच से रास्ता बनाकर गुजरना पड़ता है। कड़कड़डूमा के व्यावसायिक क्षेत्र में खाली भूखंड पर भी मलबा जमा है। कांति नगर में सुभाष पार्क के पास मुख्य सड़क के फुटपाथ पर मलबा जमा होने से पैदल राहगीरों की आवाजाही मुश्किल हो गई है और लोग तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पर चलने को मजबूर हैं।

शाहदरा निवासी प्रकाश का कहना है कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों से मलबा लाकर जहां खाली जगह मिलती है, वहीं डाल दिया जाता है और सुबह तक मलबे का ढेर लग जाता है। राहगीरों का कहना है कि दुर्घटना का खतरा बना रहता है और बुजुर्गों, महिलाओं तथा बच्चों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिम भरी है। हैरानी की बात है कि यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है।

एमसीडी के उपायुक्त अजहरुद्दीन काजी ने बताया कि लगातार मलबा उठवाया जा रहा है और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर मलबा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों से मलबा डालकर चालक निकल जाते हैं और सुबह रास्ता घिरा मिलता है, जिससे जाम और प्रदूषण की समस्या लगातार बढ़ रही है।