मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार को गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान अपनी मां सावित्री देवी के निधन की सूचना मिली। चंपा देवी पार्क में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण समारोह में वह युवाओं को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान निधन की खबर उनके ओएसडी तक पहुंची। संबोधन के दौरान ही निधन की पुष्टि हो गई थी, लेकिन मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी संबोधन पूरा होने के बाद मंच पर दी गई।

मां के निधन की खबर के बावजूद मुख्यमंत्री ने खुद को संभाले रखा। उन्होंने कार्यक्रम की शेष औपचारिकताएं पूरी कीं और आयोजन समाप्त होने के बाद ही मंच छोड़ा। इस तरह उन्होंने निजी दुख के बीच अपने सार्वजनिक दायित्वों को प्राथमिकता दी।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में उनके चेहरे पर मां को खोने की वेदना झलक रही थी। वह किसी से बातचीत किए बिना सीधे अपने कक्ष में चले गए और कुछ देर बाद बाहर निकलकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

इस दौरान मंदिर परिसर में पहले से मौजूद प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उनसे मुलाकात की और मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।