उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी पौड़ी गढ़वाल के पंचुर यमकेश्वर स्थित आवास पर सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस लीं। वह कुछ समय से बीमार चल रही थीं और अपने छोटे बेटे के साथ योगी के पैतृक गांव में रहती थीं।

सूत्रों के मुताबिक, मां के निधन की खबर सीएम को मिल चुकी थी, लेकिन उन्होंने अपने दुख को दबाकर गोरखपुर में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में पहुंचने का फैसला किया, जहां हजारों छात्र-छात्राएं टैबलेट पाने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बच्चों को टैबलेट बांटे और यूपी के विकास पर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपने चेहरे पर गम का कोई भाव नहीं आने दिया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से हाथ में टैबलेट लेकर खुशी जताने को कहा और उनके साथ सेल्फी भी ली।

युवावस्था में ही संन्यास की राह चुनने वाले योगी आदित्यनाथ लंबे समय तक परिवार से दूर रहे, लेकिन मां से उनका विशेष लगाव रहा। इसी साल जून में सावित्री देवी के ऋषिकेश एम्स में भर्ती होने पर सीएम उनसे मिलने पहुंचे थे। 2022 में भी करीब पांच साल बाद घर पहुंचने पर उनकी मां से मुलाकात चर्चा में रही थी।

दिसंबर 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन के बाद उन्होंने अंतिम संस्कार के तुरंत बाद सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। अब सीएम योगी आदित्यनाथ के इस कदम की सोशल मीडिया पर तारीफ हो रही है।