उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का कल निधन हो गया था। शनिवार को मां को अंतिम विदाई देते समय सीएम योगी भावुक हो गए। उनकी शव यात्रा उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के चंडी घाट के लिए रवाना हुई, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं।
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण शनिवार सुबह तड़के चंडी घाट पहुंचे और उन्होंने श्मशान घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनकी देखरेख में अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। पूरे श्मशान घाट को फूलों और हरी पत्तियों की लड़ियों से सजाया जा रहा है।
अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, उत्तर प्रदेश के मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में साधु-संतों के शामिल होने की संभावना है।
