मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी। पंचूर गांव स्थित घर में मां के पार्थिव शरीर के पास वह अंतिम विदाई से पहले पूरी रात बैठे रहे। इस दौरान संन्यासी के संयम और पुत्र के प्रेम के बीच का द्वंद्व साफ दिखा।

मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे योगी आदित्यनाथ की नजरें बार-बार मां के चेहरे पर ठहर जातीं। कभी वह उंगलियों से आंसू पोंछते, कभी गले में पड़े गमछे से पलकों की नमी छिपाने का प्रयास करते। खुद को संभालते, फिर आंखें भर आतीं। उस समय भगवा वस्त्रों में लिपटे योगी न मुख्यमंत्री थे और न गोरक्षपीठ पीठाधीश्वर, बल्कि मां के सामने बैठा एक बेटा थे। पूरी रात वह मां का चेहरा निहारते हुए मौन रहे।

मां की अंतिम यात्रा शुरू हुई तो योगी कंधा देने आगे बढ़े। कदम आगे बढ़ रहे थे, लेकिन आंखों में आंसू बार-बार उमड़ रहे थे। संन्यास की भूमिका उन्हें मजबूत रहने का संदेश दे रही थी, लेकिन पुत्र का मन बार-बार भावुक हो उठता था। संन्यास ने अजय सिंह बिष्ट को योगी आदित्यनाथ बनाया, लेकिन मां के प्रति पुत्र का भाव कभी समाप्त नहीं हुआ।