मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने सरकार की भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताया।

लखनऊ निवासी संस्कृति मेहरोत्रा का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई और अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। चार साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही संस्कृति ने कहा कि भर्ती में केवल आवेदन शुल्क और आने-जाने का खर्च हुआ। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।

बलिया निवासी डिंपल यादव का चयन लेखा परीक्षक के पद पर हुआ। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से लगातार तैयारी कर रही थीं और आज उन्हें सफलता मिली। मुरादाबाद निवासी सोनम सैनी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी रही और कहीं घूसखोरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाना उनके लिए बेहद खुशी का पल है।

लखीमपुर खीरी निवासी कपिल कुमार का चयन लेखा परीक्षक के पद पर हुआ। शाहजहांपुर निवासी उत्सव सक्सेना ने बताया कि वे पिछले आठ साल से तैयारी कर रहे थे और भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष होने के साथ तेजी से पूरी हुई। मैनपुरी निवासी अभय प्रताप सिंह ने पारदर्शिता के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। झांसी निवासी कृष्णकांत व्यास ने मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करने को ऐतिहासिक और भावुक पल बताया।