योगी सरकार प्रदेश में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ अभियान शुरू करने जा रही है। स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य आयुष्मान भारत योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं देने वाले अधिक से अधिक अस्पतालों को योजना से जोड़ना है। सरकार का मानना है कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सिर्फ अस्पतालों और बेड की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि मरीजों को मिलने वाले उपचार की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता में भी लगातार सुधार होना चाहिए।

अभियान के तहत उन अस्पतालों की पहचान की जाएगी, जिन्होंने राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी सेवाएं विकसित की हैं, लेकिन वे अभी आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध नहीं हैं। ऐसे अस्पतालों को योजना में एम्पैनलमेंट के लिए आमंत्रित और प्रोत्साहित किया जाएगा तथा जुड़ने की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इससे लाभार्थियों को बेहतर सुविधाओं वाले अस्पतालों में इलाज के अधिक विकल्प मिल सकेंगे।

सीईओ ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य केवल नए अस्पतालों को जोड़ना नहीं है। पहले से सूचीबद्ध अस्पतालों को नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) मान्यता प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। अस्पतालों को गुणवत्ता मानकों की जानकारी देने, सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की पहचान करने और प्रमाणन प्रक्रिया समझाने पर जोर रहेगा।

अभियान के तहत अस्पतालों, चिकित्सा विशेषज्ञों और संबंधित संस्थाओं के साथ संवाद एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके जरिए यह भी समझाया जाएगा कि गुणवत्ता प्रमाणन केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मरीजों की सुरक्षा, बेहतर उपचार व्यवस्था और अस्पतालों की कार्यप्रणाली में सुधार का जरिया है।