यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 20 नवंबर को हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किया। हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के अंदर तक घुस गए और बाहर एक गमला टूटा मिला। मुंबई के BKC स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग जमा हुए थे। FIR के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे पर 'RSS का बेटा मेटा' लिखा, जिससे शीशे को नुकसान पहुंचा। मुंबई पुलिस ने शनिवार को यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर के खिलाफ FIR दर्ज की है। 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। मामला BNS की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 तथा महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत दर्ज किया गया है।
यूथ कांग्रेस के मुताबिक, मेटा ने 19 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाबंदी लगा दी थी। संगठन ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा के निर्देश पर की गई। संगठन ने दोनों अकाउंट सात दिनों के भीतर बहाल करने की मांग की थी और कहा था कि अगर विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां नहीं हटीं तो देशभर में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे। यूथ कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर दावा किया कि 20 नवंबर को कार्यकर्ताओं के मेटा ऑफिस पहुंचने के 15 मिनट बाद दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए।
तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता हैदराबाद स्थित मेटा ऑफिस पहुंचे थे। सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया में दिखाई दिए। पुलिस ने 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया था और करीब तीन घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने IT और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर पोस्ट कर प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में मेटा ऑफिस में तोड़फोड़ की और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। भंडारी ने वर्ल्ड AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं ने बिना कपड़ों के समिट में घुसकर भारत का अपमान किया था। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव ने कहा कि इस घटना से हैदराबाद की कारोबारी छवि और निवेश के माहौल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मेटा ने भारत में अपना सबसे बड़ा कैंपस हैदराबाद में बनाया है और कंपनी ने यहां सुरक्षित कामकाजी माहौल के भरोसे निवेश किया था।
