क्रिकेटर युजवेंद्र चहल शनिवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। पार्टी ने उन्हें अपने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। भाजपा की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, चहल ने इससे पहले ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी।
पार्टी ने ओबीसी मोर्चे के लिए कई अन्य नियुक्तियों की भी घोषणा की है। असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन साहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को मोर्चे का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
मोर्चा अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने बताया कि ये नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई हैं। पार्टी ने विभिन्न राज्यों से सात राष्ट्रीय सचिवों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के 37 सदस्यों की भी घोषणा की है। सात नए राष्ट्रीय सचिवों में गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी. वरथराजन, झारखंड के संजीव कुमार, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडागंची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू शामिल हैं।
1990 में जन्मे चहल भारतीय क्रिकेट टीम के लेग-स्पिनर हैं और एकदिवसीय क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। क्रिकेट में पहचान बनाने से पहले वे शतरंग खिलाड़ी भी रहे हैं। उनके नाम टी20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज होने का रिकॉर्ड दर्ज है।
