भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल शनिवार को बीजेपी में शामिल हो गए। पार्टी में आते ही उन्हें ओबीसी मोर्चे का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। चहल ने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य से मुलाकात कर पार्टी की सदस्यता ली। बीजेपी ने 21 नवंबर को टीम की घोषणा करते हुए चहल को ओबीसी मोर्चे के पदाधिकारियों की सूची में शामिल किया। इस सूची में निर्भया मामले की वकील सीमा कुशवाहा और ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गडनायक के नाम भी शामिल हैं।

चहल के बीजेपी में शामिल होने पर शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है उन्हें अपना शुगर डैडी मिल गया है। यह तंज पिछले साल चहल के तलाक के बाद भी चर्चा में है। चहल की शादी 2020 में कोरियोग्राफर और कॉन्टेंट क्रिएटर धनश्री वर्मा से हुई थी, जो पांच साल भी नहीं टिक पाई।

बीजेपी में शामिल होने के बाद चहल ने एक्स पर कहा, "भाजपा परिवार में मुझे स्थान व मान-सम्मान देने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, आदरणीय गृहमंत्री अमित शाह जी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी व ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य जी का हार्दिक आभार प्रकट करता हूं।"

चहल फिलहाल टीम इंडिया में नहीं हैं और आईपीएल तथा घरेलू टूर्नमेंट खेल रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। वह हरियाणा की ओर से मुश्ताकली टी20 टीम में शामिल हैं और पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं। ओबीसी मोर्चे का विशेष आमंत्रित सदस्य संगठन की बैठकों और चर्चाओं में विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता है, जिसकी आधिकारिक जिम्मेदारी निश्चित नहीं होती। उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन को मजबूत करने में लगी है, ऐसे में चहल को चुनाव प्रचार में भी उतारा जा सकता है।