केंद्र सरकार ने जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को दे दिया है। गृह मंत्रालय ने 26 नवंबर को इस संबंध में गजट नोटिफिकेशन जारी किया। इस फैसले के बाद राज्य सरकारें गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत संगठन के फंड, वित्तीय संपत्तियों और परिसरों पर कार्रवाई कर सकेंगी। यह अधिकार UAPA की धारा 42 के तहत दिया गया है, जिसके जरिए राज्यों को धारा 7 और 8 के तहत कार्रवाई करने का अधिकार मिला है।
धारा 7 के तहत अधिकारी संगठन के लिए इस्तेमाल होने वाले या रखे गए फंड, बॉन्ड और अन्य प्रापर्टियों के लेनदेन पर रोक लगा सकते हैं और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच कर सकते हैं। धारा 8 के तहत संगठन की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाले घर, इमारत और अन्य परिसरों को अधिसूचित कर उन पर नियंत्रण किया जा सकेगा। ऐसे परिसरों में लोगों की आवाजाही और वहां मौजूद चल संपत्तियों के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई जा सकती है।
केंद्र सरकार ने 13 नवंबर को IRF पर लगा प्रतिबंध अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया था। यह प्रतिबंध 14 नवंबर को खत्म होने वाला था। सरकार ने UAPA की धारा 3(1) और 3(3) के तहत संगठन को गैरकानूनी घोषित किया है। भारत ने पहली बार 17 नवंबर 2016 को IRF पर प्रतिबंध लगाया था। उस समय सरकार ने आरोप लगाया था कि संगठन की गतिविधियां धार्मिक समुदायों के बीच नफरत और दुश्मनी बढ़ा सकती हैं।
जुलाई 2016 में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पांच आतंकियों ने हमला किया था, जिसमें 29 लोगों की मौत हुई थी। मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने बताया था कि वह जाकिर नाइक के भाषणों से प्रभावित था। इसके बाद मुंबई पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने भी इस मामले की जांच की। जाकिर नाइक 2016 में विदेश यात्रा पर गया था और उसी साल केंद्र सरकार ने उसके संगठन पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद से वह मलेशिया में रह रहा है। 2017 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के अनुरोध पर उसका पासपोर्ट भी रद्द कर दिया गया था। मई 2017 में भारत ने इंटरपोल से जाकिर नाइक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की मांग की थी, लेकिन दिसंबर 2017 में इंटरपोल ने शुरुआती अनुरोध स्वीकार नहीं किया, क्योंकि उस समय आरोप-पत्र दाखिल नहीं हुआ था। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने अदालत से नया वारंट मिलने पर 3 जनवरी 2018 को दोबारा अनुरोध भेजा और 19 जनवरी 2018 को मलेशिया से जाकिर नाइक की अस्थायी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की मांग की गई।
