पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि काउंटर इंटेलिजेंस के एएसआई इकबाल सिंह की हत्या प्रभ दासूवाल के कहने पर हैप्पी बाहमण और भिंदा तरनतारन ने की थी। दोनों ने 11 अक्टूबर को तरनतारन में बाइक पर सवार होकर वारदात को अंजाम दिया था। जीरकपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हैप्पी बाहमण फिलहाल अस्पताल में भर्ती है, जहां मुठभेड़ के दौरान उसकी जांघ में गोली लगी थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस उसका रिमांड हासिल कर पूछताछ करेगी।

एजीटीएफ पंजाब ने शुक्रवार को जीरकपुर के एक होटल में छिपकर बैठे डोनी बल और प्रभ दासूवाल के गुर्गे अमनदीप सिंह उर्फ हैप्पी बाहमण को गिरफ्तार किया था। आरोपित को पकड़ने के दौरान हैप्पी ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में उसकी दाईं जांघ में गोली लगी थी।

एएसआई इकबाल सिंह गैंगस्टर सत्ता नौशहरा के चाचा थे। सत्ता नौशहरा की दूसरे गैंग के साथ चल रही गैंगवार में पहले भी कई वारदात हो चुकी हैं और इसी गैंगवार के चलते इकबाल सिंह की हत्या की गई थी। पुलिस जांच में प्रभ दासूवाल का नाम सामने आया है, जिसने ही हैप्पी और भिंदा को इकबाल सिंह की हत्या का टारगेट दिया था। इस मामले में डोनी बल का नाम भी सामने आया है। सत्ता नौशहरा को आतंकी भी घोषित किया जा चुका है।

11 अक्टूबर को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने इकबाल सिंह को उनकी पत्नी दर्शन कौर के सामने गोलियां मारी थीं। उनकी छाती में चार गोलियां लगी थीं, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इस हत्या के एक महीने पहले 11 सितंबर को इकबाल सिंह के भतीजे अजमीत सिंह की भी हत्या हुई थी। हत्या के बाद इंटरनेट मीडिया पर डोनी बल और उससे जुड़े लोगों के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए पोस्ट भी डाली गई थी, जिसमें हत्या को गांव तूत के सरपंच अश्विनी देवगन की हत्या का बदला बताया गया था। हैप्पी बाहमण के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस रिमांड हासिल कर उससे हत्या की साजिश और अन्य जानकारियों को लेकर पूछताछ करेगी, वहीं फरार भिंदा तरनतारन की तलाश की जा रही है।