68500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति दूर कर न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने गुरुवार को लखनऊ में राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इको गार्डन में 80 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने सुबह करीब 11 बजे कार्यालय के बाहर झाड़ू लगाकर विरोध जताया और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी से मामले में हस्तक्षेप की मांग की। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों को बसों से वापस इको गार्डन भेज दिया।
धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने कहा कि भर्ती में आरक्षण की विसंगति दूर करने के लिए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के आदेशों का अनुपालन कराया जाए। उन्होंने भर्ती परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने और विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
आशुतोष वर्मा ने बताया कि 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी की मौजूदगी में बैठक हुई थी, जिसमें निर्णय लिया गया था कि लंबे समय से लंबित प्रकरण पर मुख्यमंत्री स्तर से फैसला होगा, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे कई मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से मिल चुके हैं, सभी ने मांगों पर विचार का आश्वासन दिया, लेकिन परिणाम नहीं निकला।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि अब अभ्यर्थियों को आश्वासन नहीं, नियुक्ति के रूप में न्याय चाहिए। महिला प्रमुख रंजना जायसवाल ने भी महिला अभ्यर्थियों की लंबी प्रतीक्षा का हवाला देते हुए परिणाम संशोधित करने की मांग की। प्रदर्शन में सच्चिदानंद, विनोद प्रजापति, राम प्रवेश, राकेश साहनी, सुनील कुमार, सुमन यादव, संजू, लता और अनस समेत सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे।
