चंबा जिले के थाना खैरी क्षेत्र के तहत राजणी गांव के पास बुधवार रात करीब 9:15 बजे एक पिकअप ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी ढांक में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चालक सहित चार लोग सवार थे। ढांक में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एक व्यक्ति किसी तरह ढांक से चढ़कर सड़क तक पहुंचने में सफल रहा, जबकि तीन अन्य नीचे फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला और सभी घायलों को उपचार के लिए एनएचपीसी अस्पताल सामलेऊ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान पिकअप चालक सुनील कुमार पुत्र उत्तम चंद और करण कुमार पुत्र कुंडू राम के रूप में हुई है। दोनों गांव बासा, डाकघर बग्गी, तहसील सलूणी, जिला चंबा के निवासी थे। हादसे में अंकुश कुमार पुत्र पवन कुमार तथा सुनील कुमार पुत्र काकू राम घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस थाना खैरी की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपे जा रहे हैं, जबकि घायलों की हालत स्थिर है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद बासा और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
