भिंड जिले के मऊ थाने में तैनात टाउन इंस्पेक्टर रघुवीर मीणा पर आरोप लगा है कि उन्होंने जमीन विवाद की शिकायत लेकर आए एक फरियादी और उसके परिवार के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें डंडों से पीटने की धमकी दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, फरियादी जमीन से जुड़े विवाद को लेकर मऊ थाने पहुंचा था। उसे उम्मीद थी कि थाने में विवाद सुलझ जाएगा, लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी रघुवीर मीणा ने गालियां देते हुए परिवार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और डंडों से मारने की धमकी दी।

वायरल वीडियो में आरोप है कि थाना प्रभारी परिवार को वीडियो दिखाते हुए उन्हें धमका रहे हैं और गालियां दे रहे हैं। परिवार को थाने में मदद की जगह धमकियां मिलने से पुलिस के बर्ताव पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फरियादी को अब वरिष्ठ अधिकारियों से कार्रवाई की उम्मीद है।

गौरतलब है कि भिंड से पहले मध्य प्रदेश के सिवनी का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एएसपी दीपक मिश्रा एक कपल को धमकाते दिख रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने एएसपी दीपक मिश्रा को सस्पेंड कर दिया था। अब भिंड मामले में क्या कार्रवाई होती है, यह देखना बाकी है।