पश्चिमी चंपारण के चनपटिया की सोनाली कुमारी ने महाराष्ट्र स्टेट रैंकिंग कैरम टूर्नामेंट में महिला एकल का खिताब जीता है। मुंबई के सांताक्रूज स्थित विलिंग्डन कैथोलिक जिमखाना में 14 से 16 नवंबर तक महाराष्ट्र कैरम एसोसिएशन और मुंबई उपनगर जिला कैरम संगठन के तत्वावधान में हुए इस टूर्नामेंट का फाइनल काफी रोमांचक रहा। सोनाली ने पहला सेट 10-25 से गंवाने के बाद अगले दो सेट 18-13 और 24-16 से जीतकर मुंबई की मिताली पाठक को हराया।
चनपटिया नगर के सामरी टोला निवासी श्याम किशोर प्रसाद की बेटी सोनाली ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और नई तकनीकों को सीखना जीत की कुंजी है।
सोनाली के परिवार की खास बात यह है कि उनकी तीनों बहनें भी कैरम की चैंपियन रह चुकी हैं और खेल प्रतिभा के दम पर उन्हें मुंबई में डाक विभाग के अंतर्गत पोस्टल असिस्टेंट के पद पर सरकारी नौकरी मिल चुकी है। एक ही परिवार की चार बेटियों का कैरम में नाम कमाना और तीन बहनों का स्पोर्ट्स कोटा से सरकारी सेवा में पहुंचना बताता है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से खेल भी करियर को नई ऊंचाई दे सकता है।
खेल कोटे से सरकारी नौकरी पाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य, विश्वविद्यालय या मान्यता प्राप्त स्कूल/फेडरेशन की प्रतियोगिताओं में भाग लेने या पदक जीतने का प्रमाण पत्र जरूरी होता है, जो युवा मामले व खेल मंत्रालय या भारतीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त संस्था का होना चाहिए। पद के अनुसार 10वीं, 12वीं, आईटीआई या स्नातक की शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित आयु सीमा पूरी करनी होती है। रेलवे, सीआरपीएफ, वायु सेना, पुलिस, बैंक और विभिन्न सरकारी विभागों की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर स्पोर्ट्स कोटा की भर्तियां निकलती हैं। चयन के लिए अभ्यर्थियों को स्पोर्ट्स ट्रायल से गुजरना पड़ता है, जिसमें खेल कौशल और प्रदर्शन का मूल्यांकन होता है। कई विभागों में शारीरिक मापदंड या लिखित परीक्षा व साक्षात्कार भी लिया जाता है।
