यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में छापा मारकर नामी दवा कंपनियों के नाम पर तैयार की जा रही करोड़ों रुपये की नकली दवाएं बरामद कीं। एसटीएफ की लखनऊ, मेरठ और वाराणसी यूनिट ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के साथ यह संयुक्त कार्रवाई की। मौके से दवा निर्माण, पैकिंग और छपाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और उपकरण भी बरामद हुए। कार्रवाई में सहारनपुर के दो और सोलन के एक युवक को पकड़ा गया।

मेरठ एसटीएफ के एएसपी बृजेश सिंह ने बताया कि सहारनपुर के चिलकाना से मिली सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई थी। सूचना थी कि प्रतिजैविक, तंत्रिका तंत्र संबंधी और गैस की समस्या में इस्तेमाल होने वाली महंगी व अधिक मांग वाली दवाओं की बड़े पैमाने पर नकल की जा रही है। इनमें पैन-डी कैप्सूल, प्रेसिज-300 कैप्सूल (प्रेगाबालिन), सी-एजेड (सेफिक्सिम और एजिथ्रोमाइसिन), ए-सिपेक्स-625 (एमोक्सिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलनेट) तथा न्यूरो-300 (प्रेगाबालिन) शामिल हैं। जीरोडोल एसपी, मांटिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लेवेम 625, शेलकाल 500 और टैक्सिम ओ 200 से जुड़ी सामग्री भी मिली। जांच में इनमें से कई दवाएं नकली पाई गईं।

इसके बाद एसटीएफ की तीनों इकाइयों और एफएसडीए आयुक्त डा. रोशन जैकब के साथ नालागढ़ तहसील के राजपुरा, खेड़ा बाइपास स्थित कई फैक्ट्रियों में छापेमारी की गई। वहां ब्लिस्टर पैकिंग, एल्यूमिनियम पैकिंग, कैप्सूल भरने और वजन मापने की मशीनें मिलीं। दवाओं के पैकेट के लिए छपी फाइलें और स्टीरियो छपाई के उपकरण भी बरामद हुए। फैक्ट्री में दवाओं के निर्माण और ब्रांडेड पैकेट तैयार करने का काम हो रहा था।

एसटीएफ मेरठ यूनिट ने चिलकाना निवासी रिहान और वसीम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि नकली दवाएं सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ के खैरनगर, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बरेली, वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजी जा रही थीं। उनकी निशानदेही पर जनपद सोलन में छापेमारी हुई। देर रात तक कार्रवाई जारी थी और एसटीएफ नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।