भोपाल के निशातपुरा इलाके में पुलिस ने अवैध शराब से भरा एक ट्रक जब्त किया है। ट्रक में 1075 पेटी अंग्रेजी शराब मिली, जिसकी कीमत लगभग 96 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक ने पुलिस को देखकर ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी थी और भागने के दौरान एक कार को टक्कर मार दी थी।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की रात वायरलेस सेट पर सूचना मिली थी कि एक ट्रक तेज रफ्तार में गांधीनगर से करोंद की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने करोंद चौराहे पर ट्रक रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे निकल गया। भागते समय ट्रक चालक ने आधार अस्पताल के पास एक कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने पीछा जारी रखा और पीपुल्स मॉल के पास ट्रक को रोकने में सफलता पाई।

तलाशी में ट्रक से ब्लैक फोर्ट प्रीमियम रम की 90 एमएल, 180 एमएल और 750 एमएल की बोतलें बरामद हुईं। कुल 1075 पेटियों में करीब 9700 लीटर शराब मिली। चालक के पास शराब के परिवहन, खरीद और बिक्री से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 96 लाख रुपये कीमत की शराब और ट्रक क्रमांक MP04YJ9902 जब्त कर लिया, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

जब्त शराब की पेटियों पर रायसेन जिले की सोम डिस्टिलरीज का नाम अंकित मिला है। पुलिस ने ट्रक चालक राम किशन बमोरिया (38), निवासी मंडीदीप, जिला रायसेन को गिरफ्तार किया है। पुलिस यह पता लगाने की जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां ले जाई जा रही थी, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और परिवहन नेटवर्क किसके जरिए संचालित हो रहा था। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है।