कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरभ दास की विदेश यात्रा पर रोक को लेकर विवाद जारी है। सौरभ दास ने सोमवार को आरोप लगाया था कि सरकार ने उन्हें विदेश जाने से रोक दिया है। उन्होंने बताया था कि वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन के बुलावे पर लंदन जा रहे थे, जहां उन्हें पैनल चर्चा और लेक्चर के लिए न्योता मिला था। इस बीच पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके की एक टिप्पणी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने भगोड़ों का उदाहरण देते हुए दास को फ्रॉड करने की सलाह दी है।
सीजेपी के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके ने लिखा, 'विजय माल्या- 9 हजार करोड़ रुपये का फ्रॉड, नीरव मोदी 6 हजार 498 करोड़ रुपये का फ्रॉड, मेहुल चोकसी 7 हजार 80 करोड़ रुपये का फ्रॉड। इन सभी तीनों को देश छोड़कर भागने दिया गया। सौरभ दास भाई कोई बड़ा फ्रॉड कर अगर बाहर जाना है तो।' इससे पहले उन्होंने कहा था कि काश सौरभ ने बैंक लूटा होता या फ्रॉड किया होता, फिर सरकार उसे जरूर लंदन जाने देती।
दीपके ने सौरभ दास के पासपोर्ट के मुद्दे पर भी सरकार से सवाल किया। उन्होंने लिखा कि सौरभ के पासपोर्ट में गड़बड़ियां बताई जा रही हैं, जबकि उनका पासपोर्ट इसी सरकार ने 2019 में जारी किया था। उन्होंने कहा कि 7 साल से कोई गड़बड़ी नहीं मिली, लेकिन सीजेपी के गठन और दास के उसके सबसे बड़े चेहरों में से एक बनने के बाद अचानक मिलने लगीं। उन्होंने कहा कि दास को हवाई अड्डे पर रोक लिया गया और बताया गया कि वह भारत से बाहर नहीं जा सकते।
दास ने मंगलवार को कहा कि मुख्य कार्यक्रम ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक दिसंबर को था, जिसमें उन्हें और सीजेपी की लीगल हेड रत्ना सिंह को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने बताया कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, एडिनबर्ग विश्वविद्यालय और क्वीन मैरी विश्वविद्यालय में भी कार्यक्रमों की योजना बनाई गई थी। दास ने आरोप लगाया कि अगर वह नीरव मोदी, विजय माल्या या मेहुल चोकसी होते तो उनके लिए लाल कालीन बिछाया जाता और वीआईपी सुरक्षा के बीच हवाई अड्डे ले जाया जाता। उन्होंने यह भी दावा किया कि माल्या ने 2018 में संसद में पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ एक गुप्त बैठक की थी, जिसमें उन्होंने देश छोड़ने से पहले लंदन जाने की अपनी योजनाओं का खुलासा किया था। इधर, रत्ना सिंह का कहना है कि ब्रिटेन सरकार ने उनका वीजा रिजेक्ट कर दिया था, हालांकि उन्होंने इसकी वजह नहीं बताई। उन्होंने कहा कि सौरभ दास का मामला अलग है।
