चेन्नई: तमिलनाडु के राज्यपाल ने थिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद को लेकर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से जवाब मांगा है। उन्होंने पूछा है कि सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश के बावजूद दीपाथून पर कार्तिगई दीया क्यों नहीं जलाया गया। राज्यपाल ने कोर्ट के निर्देशों को लागू करने से जुड़े सरकारी आदेशों, पुलिस निर्देशों और आधिकारिक पत्राचार के साथ विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी है। गौरतलब है कि 24 नवंबर को मदुरै प्रशासन ने दीपाथून की बजाय परंपरागत स्थान पर दीप जलवाया था, जिसे विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश का उल्लंघन बताया था।
मदुरै कार्तिगई दीपम विवाद में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान तमिलनाडु सरकार ने पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपाथून (पत्थर के स्तंभ) पर दीप न जला पाने के लिए माफी मांगी। विजय सरकार ने इसके लिए मंदिर ट्रस्ट को जिम्मेदार ठहराया। राज्य सरकार और मदुरै जिला प्रशासन ने कोर्ट में सफाई दी कि मंदिर के न्यासी बोर्ड और पुजारियों ने दीपाथून पर दीप जलाने के लिए प्रस्तावित दल को अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने आगम परंपराओं का हवाला देते हुए पारंपरिक स्थान उच्ची पिल्लैयार मंडपम पर ही दीप जलाने का फैसला लिया।
हिंदू धर्म परिषद और अन्य याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के अंतरिम आदेश की जानबूझकर अवहेलना का आरोप लगाते हुए अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल की है। एक नई अर्जी में मांग की गई है कि उत्सव 11 दिनों तक चलता है, इसलिए अभी भी दीपाथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया जाए। याचिकाकर्ताओं ने नई अर्जी में दावा किया कि मंदिर के पुजारियों ने ऐसी किसी रोक से इनकार किया है और राज्य सरकार अदालत को गुमराह कर रही है।
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ ने अवमानना याचिकाओं और नई अर्जियों पर विचार करने पर सहमति जताई है। कोर्ट ने कहा कि इन सभी मामलों पर अगले एक-दो दिनों में सुनवाई की जाएगी। दीपम विवाद को लेकर भक्तों और बीजेपी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। वे सीएम विजय पर कोर्ट की अवहेलना और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं।
