बलरामपुर जिले में नंद बाबा दुग्ध मिशन और मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना के जरिये पशुपालक आत्मनिर्भर बन रहे हैं। जिले में पिछले तीन वर्षों में 32 पशुपालकों को मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना का लाभ मिला है। इन किसानों ने स्वदेशी नस्ल की गायों की इकाई स्थापित की और अधिक दूध उत्पादन से अपनी आय बढ़ाई। योजना के तहत गाय खरीदने पर अनुदान के साथ बैंक ऋण की सुविधा भी दी जाती है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के किसानों के लिए डेयरी शुरू करना आसान हुआ है।

नंद बाबा दुग्ध मिशन का उद्देश्य स्वदेशी गायों का संरक्षण, नस्ल सुधार, दूध उत्पादन में वृद्धि और पशुपालकों की आय बढ़ाना है। मिशन के तहत पशुपालकों को उन्नत नस्ल की गायों के पालन, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, चारा प्रबंधन और पशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना में अधिक दूध देने वाली स्वदेशी गाय पालने पर पशुपालकों को आर्थिक मदद दी जाती है।

सदर ब्लाक के अभिमन्यु पांडेय ने बताया कि पहले उनके पास एक देसी गाय थी, जिससे मुश्किल से तीन लीटर दूध मिलता था। दो वर्ष पहले उन्होंने योजना के तहत दो साहीवाल गायों की इकाई लगाई। विभाग से प्रशिक्षण और अनुदान मिलने के बाद वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन शुरू किया। अब उनके पास चार गायें हैं, जिनसे प्रतिदिन 35 लीटर से अधिक दूध मिल रहा है। दूध गांव की डेयरी और सहकारी समिति पर बेचकर उन्हें महीने में 25 हजार रुपये से अधिक की आय हो रही है। पांच हजार लीटर से अधिक दूध की बिक्री पर इसी वर्ष उन्हें नंदबाबा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

रघवापुर के राजेश शुक्ल ने बताया कि वे कई वर्षों से गोपालन कर रहे हैं और दुग्ध समिति रंजीतपुर के सदस्य हैं। पराग डेयरी में दूध बेचने वाले शुक्ल ने पांच गायों से वर्ष में सात हजार लीटर से अधिक दूध का उत्पादन किया है। इस पर विभाग से पिछले दो वर्षों से गोकुल पुरस्कार के तहत 51 हजार रुपये मिले हैं। पिछले वर्ष भी अच्छे दुग्ध उत्पादन पर उन्हें यह पुरस्कार मिला था। अब खेती के साथ डेयरी से ही बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चल रहा है। इन पशुपालकों की सफलता से अन्य किसान भी प्रेरित हो रहे हैं।

वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक सनी पाल के अनुसार नंदबाबा योजना में ललिता शुक्ला, आनंद प्रताप सिंह, ऊषा मिश्रा, कमलेश वर्मा, सोनी शर्मा, दीप्ति यादव, शीला सिंह, शांति देवी, शिवशंकर तिवारी, अमित कुमार मिश्र, सुशीला देवी और रीना देवी का चयन किया गया है। इन्हें दो गायों की खरीद पर 80 हजार रुपये अनुदान के रूप में मिले हैं। योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।