अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत और 13 अन्य प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों पर 25 प्रतिशत तक नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिका का कहना है कि यह कदम दुनिया भर के बाजारों में जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन की समस्या से निपटने के लिए उठाया जा रहा है। मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को मिली हार के बावजूद ट्रंप के तेवर कम नहीं हुए हैं।

इस प्रस्ताव का सबसे बड़ा असर चीन पर पड़ेगा। ट्रंप प्रशासन ने चीन पर 20 प्रतिशत तक का नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिका का आरोप है कि चीन स्टील, इलेक्ट्रिक गाड़ियों और सोलर उत्पादों को सस्ते दामों पर बेचकर वैश्विक बाजार को प्रभावित कर रहा है। प्रशासन के अनुसार यह नया शुल्क ट्रंप के पहले कार्यकाल में लगाए गए करीब 25 प्रतिशत टैरिफ के ऊपर जुड़ेगा। हालांकि, 30 अरब डॉलर के उन चीनी सामानों को इससे बाहर रखा गया है, जिन पर दोनों देश टैक्स घटाने पर विचार कर रहे हैं।

शुरुआती जानकारी के अनुसार चीन के अलावा इस सूची में भारत, बांग्लादेश, कंबोडिया, यूरोपीय संघ, इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, ताइवान, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं। फिलहाल मेक्सिको और नॉर्वे को इन नए शुल्कों से बाहर रखा गया है।

राहत की बात यह है कि नए टैरिफ पुराने समझौतों की तय सीमा को पार नहीं करेंगे। उदाहरण के लिए यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया और ताइवान के लिए यह सीमा 15 प्रतिशत और मलेशिया के लिए 19 प्रतिशत रहेगी। इसके अलावा जुलाई में 60 देशों पर लगाए गए 10 से 12.5 प्रतिशत के शुल्कों के ऊपर यह नया टैक्स नहीं जोड़ा जाएगा। इसका मतलब है कि कई देशों के लिए अमेरिका के साथ व्यापार करने की लागत में कोई बड़ा उछाल नहीं आएगा।