दिल्ली के निजी स्कूलों में छोटे बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया शैक्षणिक सत्र 2027-28 से बदल जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत पहली कक्षा से पहले तीन बालवाटिका कक्षाएं अनिवार्य होंगी। अभी तक केवल दो कक्षाएं ही थीं। नई व्यवस्था में बालवाटिका-1, 2 और 3 लागू होंगी। शिक्षा निदेशालय ने सत्र 2027-28 के लिए उम्र के अनुसार कक्षाओं में दाखिले का क्रम तय किया है। उम्र की गणना 31 मार्च 2027 के आधार पर होगी।

नई व्यवस्था के तहत सत्र 2028-29 से बालवाटिका-3 पास करने वाले बच्चों को कक्षा एक में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा छह वर्ष या उससे अधिक उम्र के बच्चों के लिए कक्षा एक में नए दाखिले का भी प्रविधान रहेगा। स्कूल के प्रधानाचार्य न्यूनतम या अधिकतम आयु सीमा में एक माह तक की छूट दे सकते हैं। इसके लिए अभिभावकों को लिखित आवेदन करना होगा।

यदि किसी स्कूल में उपलब्ध सीटों से अधिक बच्चों को समान अंक मिलते हैं तो दाखिले के लिए लाटरी निकाली जाएगी। यह प्रक्रिया अभिभावकों की मौजूदगी में करानी होगी। स्कूलों को लाटरी से कम से कम पांच दिन पहले अभिभावकों को सूचना देनी होगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि दाखिले में किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका न रहे।