आगरा में राज्य कर विभाग के संग्रह अमीन धर्मप्रकाश फरवरी 2008 से बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गायब हैं। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार उनकी नियुक्ति एक फरवरी 1992 को संग्रह अमीन के पद पर हुई थी और उन्होंने फरवरी 2008 में आखिरी बार वेतन आहरित किया था। इसके बाद से न तो उनकी उपस्थिति दर्ज हुई और न ही विभाग को अनुपस्थिति की कोई सूचना मिली।
विभाग ने पहले 10 नवंबर को उन्हें जयपुर हाउस स्थित राज्य कर भवन के खंड-3 में सहायक आयुक्त के कार्यालय में उपस्थित होकर पक्ष रखने का नोटिस जारी किया था। सेवा पुस्तिका में दर्ज नगला खेरिया (कमाल खां) के पते पर नोटिस भेजे जाने के बावजूद उनसे संपर्क नहीं हो सका।
अब सहायक आयुक्त, राज्य कर खंड-3 की ओर से अंतिम नोटिस जारी किया गया है। इसमें धर्मप्रकाश को 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे या इससे पहले किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय पहुंचकर अनुपस्थिति के संबंध में साक्ष्यों सहित अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में उपस्थित नहीं होने पर विभाग उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई कर सकता है।
एडिशनल कमिश्नर ग्रेड टू अंजनी अग्रवाल ने बताया कि बिना किसी सूचना के लगातार अनुपस्थित रहना कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन है। निर्धारित समय में उपस्थित नहीं होने पर माना जाएगा कि उन्हें इस संबंध में कुछ नहीं कहना है और ऐसी स्थिति में उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
