रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे (एनएच-11) के पास गांव माजरा में बन रहे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दिसंबर माह के अंत तक ओपीडी सेवाएं शुरू होने की प्रबल संभावना है। भवन और सड़क निर्माण का काम अंतिम चरण में है, जबकि मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। चिकित्सकों सहित अन्य स्टाफ की नियुक्तियां भी चल रही हैं। एम्स प्रशासन के अनुसार, चिकित्सकों की नियुक्ति के तुरंत बाद ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
एम्स में प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति पहले ही हो चुकी है और 50 सीटों पर एमबीबीएस की कक्षाएं सितंबर माह में शुरू हो गई हैं। ओपीडी शुरू होने से दक्षिणी हरियाणा के 10 और साथ लगते राजस्थान के दो जिलों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेवाड़ी एम्स की घोषणा जुलाई 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी, जबकि केंद्र सरकार ने इसकी घोषणा 2019 में की। फरवरी 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एम्स का शिलान्यास किया था। शुरुआत में निर्माण कार्य धीमा था, लेकिन पिछले छह माह से काम तेजी से हो रहा है। छह दिन पहले ही केंद्र सरकार ने रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे को एम्स से जोड़ने वाले रास्ते पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज के लिए 200 करोड़ रुपये मंजूर किए थे, जो दो साल में तैयार होगा।
करीब 1700 करोड़ रुपये की लागत से 210 एकड़ जमीन पर बन रहे एम्स का लाभ रेवाड़ी के साथ महेंद्रगढ़, चरखी-दादरी, भिवानी, रोहतक, झज्जर, नूंह, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद तथा राजस्थान के झुंझनू और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों को भी मिलेगा। एम्स में 750 बेड की व्यवस्था होगी और मेडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज समेत आईसीयू स्पेशलिस्ट व सुपर स्पेशलिस्ट को मिलाकर प्रतिदिन करीब 1500 लोगों को ओपीडी में देखने की सुविधा होगी। कैंपस में प्राइवेट वार्ड, ट्रामा बेड और आयुष बेड की सुविधा भी मिलेगी। एम्स बनने के बाद करीब तीन हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 10 हजार से अधिक को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
