पूर्वी दिल्ली के अक्षरधाम क्षेत्र में रेलवे निर्माण से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए ड्रोन से पानी के छिड़काव का ट्रायल किया गया। अक्षरधाम खेल गांव में धोबीघाट के पास रेलवे निर्माण क्षेत्र में यह छिड़काव हुआ। इससे पहले यहां मैनुअल तरीके से पानी का छिड़काव किया जा रहा था, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर नई तकनीक का प्रयोग किया गया। ट्रायल में ड्रोन जमीन पर रखे पानी के टैंक से पाइप से जुड़ा था और करीब सौ मीटर ऊपर से छिड़काव किया गया।
नगर निगम पूर्वी जोन के उपायुक्त अजहरुद्दीन काजी ने बताया कि आनंद विहार के बाद अक्षरधाम ऐसा क्षेत्र था जहां रेलवे निर्माण के चलते लगातार धूल उड़ रही थी और यहां का एक्यूआई लगातार 300 से ऊपर बना हुआ था। इसे देखते हुए पूर्वी जिले के वायु प्रदूषण नियंत्रण के नोडल सचिव वीके बिधूड़ी ने अक्षरधाम क्षेत्र का निरीक्षण किया और प्रयोग के तौर पर ड्रोन से छिड़काव करवाया गया। आंकड़ों के मुताबिक, करीब 350 के आसपास चल रहा एक्यूआई तीन सौ से नीचे आ गया।
इसके बाद रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ड्रोन प्रदाता कंपनी से बात कर उन्हें पानी मुहैया करवाएं और इसका इस्तेमाल करें। अब कंपनी से बात कर ड्रोन की लागत और पानी की उपलब्धता पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि अभी तक निगम यहां टैंकरों से पानी का छिड़काव कर रहा था, लेकिन टैंकरों के आने-जाने में ही काफी धूल उड़ती थी, जिससे प्रदूषण बढ़ता था। पानी खत्म होने पर टैंकर को दोबारा पानी लेने जाना पड़ता था, जिससे भी प्रदूषण बढ़ता था। इसके चलते नया प्रयोग किया गया है।
वर्ष 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार में भी आनंद विहार पर ड्रोन से छिड़काव का ट्रायल किया गया था, हालांकि योजना ठंडे बस्ते में चली गई। उस योजना में ड्रोन के साथ 15 लीटर का टैंक लगाया गया था, जिसे पानी खत्म होने पर बार-बार भरना पड़ता था। नए प्रयोग में करीब चार फीट के ड्रोन में एक पाइप अटैच रहेगा, जो नीचे से एक टैंक और मोटर से जुड़ा रहेगा। मोटर से पानी ऊपर भेजा जाएगा और ड्रोन से इसका छिड़काव होगा। अधिकारियों का कहना है कि यह ड्रोन पेड़ों पर जमा मिट्टी को हटाने में भी लाभकारी होगा। ड्रोन को सुबह से शाम तक लगातार चलाने की योजना है और जब तक निर्माण कार्य चलेगा, तब तक इसे चलाया जाएगा।
