उत्तर-पूर्वी दिल्ली जोन की वार्ड कमेटी की बैठक में पार्षदों ने अवैध ओयो होटल, अवैध पार्किंग, प्रदूषण और गंदगी जैसी समस्याओं को लेकर अधिकारियों पर सवाल उठाए और तत्काल कार्रवाई की मांग की। बैठक में निगम की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए।
कर्दमपुरी के पार्षद मुकेश बंसल ने कब्रिस्तान और श्मशान घाट के आसपास अतिक्रमण का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि कर्दमपुरी पुलिया पर अतिक्रमण के कारण अंतिम यात्रा निकालने में परेशानी होती है। पूर्व चेयरमैन पुनीत शर्मा और मौजपुर के पार्षद अनिल गौड़ ने गेस्ट हाउस के लाइसेंस पर चल रहे ओयो होटलों का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि कई प्रतिष्ठानों के पास अग्निशमन विभाग की मंजूरी नहीं है और बाहर निकलने के रास्ते भी सीमित हैं। अनिल गौड़ ने अपने वार्ड में दूसरे वार्डों का कूड़ा डाले जाने पर नाराजगी जताई।
गोकुलपुरी के पास खुले कूड़ा संपीड़न केंद्र पर पार्षदों ने मेट्रो वेस्ट कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि देखभाल और मरम्मत की जिम्मेदारी होने के बावजूद खुले में कूड़ा डाला जा रहा है। पार्षद मोहिनी जिनवाल ने रोड नंबर-70 और कब्रिस्तान रोड पर टूटे ढलाव घरों तथा अवैध पार्किंग से हो रही समस्या पर सवाल उठाए। नेहरू विहार के पार्षद अरुण भाटी ने करावल नगर रोड पर अवैध पार्किंग, आवारा पशुओं और सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया।
जोन चेयरमैन पंकज लूथरा ने कबीर नगर की प्रदूषण फैलाने वाली अवैध फैक्ट्रियों पर चिंता जताई। उन्होंने इनके स्वास्थ्य और यमुना पर पड़ने वाले असर को गंभीर बताते हुए संबंधित विभागों को निरीक्षण के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों द्वारा पार्षदों के फोन न उठाने और कामकाज की जानकारी न देने की शिकायतें भी सामने आईं। चेयरमैन ने अवैध ओयो होटलों की जांच की जिम्मेदारी डीएचओ को सौंपते हुए अगली बैठक में रिपोर्ट पेश करने और जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में जोन उपायुक्त अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।
