नई दिल्ली। पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि पर अपना आक्रामक रुख बदलते हुए भारत से बातचीत का न्योता दिया है। एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे मलिक से जब सिंधु जल संधि पर भारत के फैसले को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि अगर भारत चर्चा के लिए आमंत्रित करेगा तो पाकिस्तान बातचीत को तैयार है। गौरतलब है कि जून में उन्होंने भारत के संधि निलंबन पर आपत्ति जताते हुए धमकी दी थी कि पाकिस्तान का पानी रोकने की कोशिश करने वालों के हाथ काट दिए जाएंगे।

भारत ने उनके इस नए रुख पर कोई नरमी नहीं दिखाई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि सिंधु जल संधि पर भारत का रुख पहले की तरह कायम है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।

पाकिस्तानी मंत्री से जब भारत में हुए आतंकी हमलों और पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादी संगठनों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से जुड़े मुद्दों पर चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए, जिसके लिए द्विपक्षीय या बहुपक्षीय मंच बनाया जा सकता है जहां दोनों देश अपने-अपने साक्ष्य रख सकें। मलिक ने दावा किया कि आतंकवाद से पाकिस्तान भी प्रभावित है और इसे खत्म करने में उसका सबसे अधिक हित है। हालांकि, पाकिस्तान की जमीन से संचालित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कोई ठोस जवाब नहीं दिया।

सिंधु जल संधि का निलंबन पाकिस्तान के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उसकी करीब 1.6 करोड़ हेक्टेयर कृषि भूमि का 80 प्रतिशत और कुल जल उपयोग का 93 प्रतिशत सिंधु नदी प्रणाली पर निर्भर है। ऐसे में पाकिस्तानी मंत्री की बातचीत की अपील को इस मुद्दे पर इस्लामाबाद की बढ़ती चिंता के रूप में देखा जा रहा है। भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते। (एएनआई के इनपुट के साथ)