मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए नागरिकों के लिए निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित करने की घोषणा की है। इस दौरान प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, जो नागरिक 21 और 22 नवंबर को आयोजित अभियान में किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके, वे इन दोनों दिनों में मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकेंगे तथा नाम न होने पर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकेंगे। बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथों पर उपलब्ध रहेंगे और उनके पास ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ फॉर्म-6, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में रहेंगे।
रविवार को आयोजित विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने भी जिलों में पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन फार्मों की उपलब्धता, बूथ लेवल एजेंटों की सहभागिता और मतदाता सहायता डेस्क की स्थिति जांची। निरीक्षण में युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण, घर-घर संपर्क, 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' के लंबित मामलों और 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान की समीक्षा की गई। बीएलओ को निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाए और लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए बूथ पर जाने के अलावा ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक निर्वाचन आयोग के पोर्टल (voters.eci.gov.in) या ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से अपना और परिवार के सदस्यों का नाम देख सकते हैं। नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 और मतदाता विवरण में संशोधन अथवा पता बदलने के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। इसके लिए विशेष अभियान दिवस का इंतजार करना जरूरी नहीं है, निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
