शादियों का सीजन शुरू होते ही अलीगढ़ में दुल्हनों के बीच कुंदन वर्क की ज्वेलरी पर मेहंदी रंग के काम का नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। पारंपरिक कुंदन की चमक और मेहंदी की बारीक कलाकारी का यह मेल ब्राइडल लुक को अलग पहचान दे रहा है। यह ज्वेलरी अमीर निशा, रेलवे रोड और रामघाट रोड समेत सभी बाजारों में पसंद की जा रही है।
रामघाट रोड स्थित एक दुकान के संचालक प्रजुंल बंसल के अनुसार, कुंदन के साथ मेहंदी की डिजाइन ज्वेलरी को पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह का लुक दे रही है। हार, चोकर, मांगटीका, झुमके, हाथफूल और कंगन जैसी ज्वेलरी में मेहंदी रंग की बारीक आकृतियां देखने को मिल रही हैं, जिनमें फूल-पत्तियों, बेल-बूटों और पारंपरिक पैटर्न को खास जगह दी जा रही है। यह डिजाइन दुल्हन के हाथों पर रची मेहंदी के साथ तालमेल भी बनाती है।
दुकानदार संगीता अरोरा के अनुसार, ब्राइडल लुक में अब हर छोटी चीज को खास बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। दुल्हनें अपने लहंगे और मेहंदी के रंग के हिसाब से ज्वेलरी चुन रही हैं। हल्के और आकर्षक डिजाइन पसंद करने वाली युवतियों के बीच भी इस तरह की ज्वेलरी की मांग बढ़ रही है।
कुंदन और मेहंदी का यह संगम उन दुल्हनों के लिए खास विकल्प बन रहा है, जो शादी में पारंपरिक खूबसूरती के साथ कुछ हटकर अंदाज अपनाना चाहती हैं। इस ज्वेलरी की कीमत छह हजार से सात-आठ हजार रुपये तक है।
