अंबाला शहर के विष्णु विहार में भैया दूज पर परिवार के सरहिंद गए होने के दौरान चोरों ने मकान नंबर 71 को निशाना बनाया। परिवार करीब नौ दिन बाद 19 नवंबर की रात लौटा तो ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। शिकायतकर्ता विजय कुमार के अनुसार सोने-चांदी के जेवर, छह मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच गायब मिले।
पुलिस को दी शिकायत में विजय कुमार ने बताया कि वह 10 नवंबर 2026 को भैया दूज के अवसर पर परिवार और बच्चों के साथ पंजाब के जिला फतेहगढ़ साहिब स्थित सरहिंद गए थे। 19 नवंबर की रात करीब 11 बजे घर लौटने पर मुख्य ताले टूटे हुए मिले और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घर की हालत देखकर उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
पुलिस कर्मियों के कहने पर परिवार ने घर में रखे सामान की जांच की, तब चोरी का पता चला। शिकायत के अनुसार घर से करीब डेढ़ तोले का सोने का कीटी सेट (बिना टाप्स के), एक महिला और एक पुरुष की सोने की अंगूठी तथा करीब आठ तोले की चांदी की झांझर चोरी हुई है। इसके अलावा छह मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच भी गायब मिले।
सूचना मिलने पर डायल 112 और सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
