भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने 5 से 17 वर्ष के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) को 30 सितंबर 2027 तक निशुल्क कर दिया है। इस सुविधा के लिए स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां अभिभावक बिना किसी शुल्क के बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकते हैं।
यूआईडीएआई के अनुसार, बच्चों के बढ़ने के साथ उनके फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतलियों की पहचान और चेहरे की बनावट में बदलाव होता है। इसी कारण पांच वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर आधार में बायोमेट्रिक अपडेट करवाना अनिवार्य है।
प्राधिकरण ने चेताया है कि समय पर अपडेट नहीं होने से भविष्य में आधार प्रमाणीकरण (ऑथेंटिकेशन) में परेशानी हो सकती है। अभिभावक इस निशुल्क सुविधा का लाभ स्कूलों में लगे विशेष शिविरों के जरिए उठा सकते हैं।
