मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर एक बड़ा तकनीकी कदम उठाया गया है। रेल मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 508 किलोमीटर लंबे इस हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम चालू कर दिया गया है। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में दोनों दिशाओं की रेल लाइनें शामिल हैं। मंत्रालय के अनुसार इस कदम से परियोजना को आगे के ट्रायल की दिशा में बढ़ाने में मदद मिलेगी।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बिजली सप्लाई शुरू होने का अर्थ यह नहीं है कि इस सेक्शन पर बुलेट ट्रेन का परिचालन भी शुरू हो जाएगा। इसके लिए अभी कई तकनीकी प्रक्रियाएं और ट्रायल पूरे किए जाने बाकी हैं। पूरे कॉरिडोर में बिजली व्यवस्था को छोटे-छोटे हिस्सों में धीरे-धीरे शुरू किया जाएगा और तकनीकी टीमें इसकी कड़ी निगरानी करेंगी, ताकि सुरक्षा नियमों और तय प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित हो सके।

कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है, जैसा दुनिया के कई देशों में हाईस्पीड रेल नेटवर्क के लिए इस्तेमाल होता है। पूरे 508 किलोमीटर के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए गए हैं, जो राष्ट्रीय बिजली ग्रिड से बिजली लेकर ओवरहेड सिस्टम तक पहुंचाएंगे। पूरे नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर से होगी। सूरत-बिलीमोरा सेक्शन करीब 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक है, जिसमें 4 नदियों पर बने पुल और नेशनल हाईवे-53 के ऊपर एक स्टील ब्रिज शामिल है। शोर कम करने के लिए इस सेक्शन पर करीब 94 हजार नॉइज बैरियर लगाए गए हैं। मंत्रालय ने आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कर्मियों और आम नागरिकों के लिए सार्वजनिक सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है, जिसमें ओवरहेड बिजली लाइनों और इलेक्ट्रिकल उपकरणों के पास न जाने की सलाह दी गई है।

इस बीच परियोजना की परिचालन समयसीमा में भी बदलाव हुआ है। रेल मंत्रालय ने हाल ही में सूरत से वापी के बीच 100 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर सेवा शुरू करने की समयसीमा अगस्त 2027 से बढ़ाकर 2027 की आखिरी तिमाही कर दी है, यानी अब अक्टूबर से दिसंबर 2027 के बीच परिचालन शुरू करने का लक्ष्य है।