WhatsApp अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एक साथ पांच नए फीचर्स पर काम कर रहा है। इनमें WhatsApp का अपना क्लाउड स्टोरेज, टेक्स्ट मैसेज के लिए View Once सुविधा, Android ऐप के लिए नया नेविगेशन बार, AI आधारित फोटो एक्सपैंशन टूल और बिना कंप्रेशन के मीडिया भेजने का विकल्प शामिल है।
कंपनी ने बताया है कि कुछ सुविधाओं की बीटा वर्जन में टेस्टिंग चल रही है, जबकि कुछ को चुनिंदा यूजर्स के लिए रिलीज कर दिया गया है। नए क्लाउड स्टोरेज विकल्प में यूजर्स बिना Google Drive या iCloud के 2GB तक का फ्री एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड चैट बैकअप ले सकेंगे। अभी बैकअप के लिए Android में Google Drive और iPhone में iCloud का इस्तेमाल होता है।
टेक्स्ट मैसेज के लिए भी अब View Once फीचर लाया जा रहा है। अब तक यह सुविधा सिर्फ फोटो, वीडियो और वॉयस मैसेज के लिए उपलब्ध थी। नए ऑप्शन में सेंडर एक बार देखे जाने के लिए टेक्स्ट मैसेज भेज सकेगा और रिसीवर को इसे पढ़ने के लिए मैसेज पर टैप करना होगा। मैसेज अलग स्क्रीन पर खुलेगा और बंद करते ही चैट से गायब हो जाएगा।
WhatsApp Android ऐप के निचले हिस्से में दिखने वाले नेविगेशन बार का डिजाइन भी बदल रहा है। नया नेविगेशन बार स्क्रीन के किनारों से अलग एक फ्लोटिंग स्ट्रिप जैसा दिखेगा, जिसमें Chat, Update, Contact और Call जैसे ऑप्शन्स मिलेंगे। इसके अलावा फोटो एडिटिंग में AI आधारित फोटो एक्सपैंशन टूल जोड़ा जा रहा है, जिससे यूजर्स तस्वीर के किनारों को बढ़ा सकेंगे और AI तस्वीर के आसपास का हिस्सा खुद जेनरेट करेगा।
मौजूदा समय में WhatsApp पर फोटो और वीडियो भेजते वक्त Standard और HD क्वालिटी के ऑप्शन्स मिलते हैं। अब कंपनी Original क्वालिटी का ऑप्शन तैयार कर रही है, जिसके जरिए तस्वीरें और वीडियोज बिना किसी कंप्रेशन के भेजे जा सकेंगे। इन सभी सुविधाओं की उपलब्धता एक जैसी नहीं है। View Once टेक्स्ट, क्लाउड बैकअप और नया नेविगेशन बार चुनिंदा यूजर्स तक पहुंच चुके हैं, जबकि बिना कंप्रेशन के मीडिया भेजने का ऑप्शन फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है और AI फोटो एक्सपैंशन फीचर भी अभी सीमित स्तर पर ही रोल आउट हो रहा है।
