मूड में बार-बार बदलाव, कभी असामान्य रूप से अधिक ऊर्जा महसूस होना और कभी गहरी उदासी में चले जाना बाइपोलर डिसऑर्डर के लक्षण हो सकते हैं। यह एक मानसिक स्वास्थ्य स्थिति है, जिसमें व्यक्ति को मेनिया या हाइपोमेनिया और डिप्रेशन के एपिसोड हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल एमआरआई या सीटी स्कैन से इस बीमारी की सीधी पुष्टि नहीं की जा सकती। इसकी पहचान मुख्य रूप से व्यक्ति के व्यवहार, मूड में होने वाले बदलाव, लक्षणों की अवधि और पूरी मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर की जाती है।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ के अनुसार बाइपोलर डिसऑर्डर की जांच के लिए व्यक्ति के जीवन में हुए मूड एपिसोड की गंभीरता, अवधि, फ्रीक्वेंसी और फैमिली हिस्ट्री का मूल्यांकन किया जाता है। कोई ब्लड टेस्ट या ब्रेन स्कैन अकेले इस बीमारी का निदान नहीं कर सकता। ऐसे में अगर एमआरआई रिपोर्ट में ब्रेन की बनावट सामान्य आती है, तो भी इससे बाइपोलर डिसऑर्डर होने की संभावना खत्म नहीं होती। इसी तरह एमआरआई में किसी असामान्यता का दिखना भी इस बात का प्रमाण नहीं है कि व्यक्ति को बाइपोलर डिसऑर्डर हुआ है।

एनसीबीआई के अनुसार बाइपोलर पर एक वर्किंग ग्रुप ने 20 देशों और 55 संस्थानों के करीब 150 से अधिक रिसर्चर्स के सहयोग से बड़े स्तर पर ब्रेन इमेजिंग रिसर्च की है। इस रिसर्च में बाइपोलर डिसऑर्डर से प्रभावित लोगों और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या न रखने वाले लोगों के दिमाग की बनावट की तुलना की गई। रिसर्च में प्रभावित समूहों के दिमाग की बाहरी परत की मोटाई कम होने, कुछ सबकोर्टिकल ब्रेन स्ट्रक्चर के आकार में अंतर और व्हाइट मैटर की बनावट में बदलाव के संकेत मिले हैं। हालांकि ये अंतर समूहों के औसत परिणामों में देखे गए हैं, किसी एक व्यक्ति के एमआरआई में ऐसा बदलाव मिलना बीमारी का प्रमाण नहीं है।

एनसीबीआई के अनुसार बाइपोलर डिसऑर्डर केवल दिमाग की संरचना से जुड़ा विषय नहीं है, इसमें दिमाग के अलग-अलग हिस्सों के बीच संवाद और गतिविधियों का पैटर्न भी महत्वपूर्ण हो सकता है। कुछ शोधों में बाइपोलर डिसऑर्डर वाले लोगों में भावनाओं को प्रोसेस करने वाले नेटवर्क और एक्जिक्यूटिव कंट्रोल नेटवर्क की गतिविधियों और आपसी कनेक्टिविटी में अंतर पाया गया है। ब्रेन इमेजिंग का उपयोग मुख्य रूप से रिसर्च और कुछ दूसरी न्यूरोलॉजिकल समस्याओं की जांच में किया जाता है। फिलहाल डिप्रेशन या अन्य लक्षण में तुरंत मनोचिकित्सक से सलाह लेना जरूरी होता है।