भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड यानी बीईएल ने अपनी गाजियाबाद यूनिट के लिए ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 15 पदों पर भर्ती निकाली है। यह अवसर उन कैंडिडेट्स के लिए है जिन्होंने बीटेक पूरा कर लिया है और अब करियर की तलाश में हैं। चयनित अभ्यर्थियों को एक साल की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके दौरान हर महीने 17,500 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा। इच्छुक कैंडिडेट्स 30 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

ब्रांच के अनुसार वैकेंसी की बात करें तो सिविल इंजीनियरिंग में 2, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 3 और इलेक्ट्रॉनिक्स (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) में 10 पद हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। संबंधित ब्रांच में बीटेक की डिग्री एआईसीटीई या भारत सरकार से मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से होनी चाहिए और यह डिग्री 14 नवंबर 2023 को या उसके बाद की हो। 15 नवंबर 2026 को कैंडिडेट की उम्र 25 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। एससी/एसटी को 5 साल, ओबीसी को 3 साल और पीडब्ल्यूबीडी को 10 साल की ऊपरी आयु में छूट मिलेगी। जिन कैंडिडेट्स ने पहले किसी अन्य संस्थान से अप्रेंटिस ट्रेनिंग पूरी कर ली है या बीच में छोड़ दी है, वे आवेदन नहीं कर सकते।

चयन लिखित परीक्षा के जरिए होगा, जिसका आयोजन बीईएल करेगा। परीक्षा की तारीख और स्थान की जानकारी कंपनी अपने समयानुसार देगी। आवेदन के लिए कैंडिडेट्स को nats.education.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करना होगा और 30 नवंबर 2026 के बाद किया गया रजिस्ट्रेशन मान्य नहीं होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद स्टूडेंट सेक्शन में लॉगइन कर 'भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड-गाजियाबाद' का विकल्प चुनना होगा और 'Click Apply' पर क्लिक करके मांगी गई जानकारी, डॉक्यूमेंट, फोटो और बीटेक के मार्क्स (प्रतिशत या सीजीपीए) अपलोड करनी होगी। किसी भी पूछताछ के लिए natssupport_student@aicte_india.org पर ईमेल किया जा सकता है।

कंपनी ने साफ किया है कि यह अप्रेंटिस की वैकेंसी नियमित नौकरी नहीं है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद कैंडिडेट्स को बीईएल गाजियाबाद में रोजगार का कोई अधिकार नहीं होगा।