अमिताभ बच्चन को लगातार मिल रही धमकियों के बीच एक नए ईमेल ने हड़कंप मचा दिया है। कथित तौर पर इस मेल में उनके बंगले 'जलसा' और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह ईमेल मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के दफ्तर को भेजा गया बताया जा रहा है। ईमेल सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। धमकी भरे ईमेल में अमिताभ के बंगले के अलावा कुछ अन्य जगहों का भी जिक्र किया गया है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है और धमकी की सच्चाई की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि धमकी के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) की टीम बीएमसी दफ्तर पहुंची और परिसर की जांच की जा रही है। इससे पहले भी अमिताभ बच्चन को धमकी दी गई थी, जिसमें उनके घर जलसा को उड़ाने की बात कही गई थी। उसके बाद रविवार को फैंस से मुलाकात के दौरान अमिताभ के साथ कड़ी सुरक्षा थी और वे बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से खड़े होकर अपने फैंस का अभिवादन करते दिखे थे।

दूसरी धमकी में अमिताभ के साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन का नाम भी शामिल था। इस बार गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया था, जिसमें कथित तौर पर लिखा गया था कि जितनी मर्जी बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें, दोनों बाप-बेटे को बुलेटप्रूफ में ही मारा जाएगा।

इन धमकियों को लेकर पुलिस फिलहाल एक्शन में है। खतरे को देखते हुए जलसा के बाहर सिक्योरिटी गार्ड के साथ मुंबई पुलिस के हथियारबंद जवान तैनात किए गए हैं। घर से बाहर की हरकतों पर नजर रखने के लिए हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2024 की सुबह सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की घटना के बाद से फिल्मी हस्तियों को लगातार तरह-तरह की धमकियां मिल रही हैं।