अमृतसर ग्रामीण पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सीमावर्ती इलाकों में संयुक्त और अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है। सुरक्षा एजेंसियों ने जिले के विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों से कुल 16 किलो 308 ग्राम हेरोइन, एक किलो 330 ग्राम अफीम, एक पाकिस्तानी ड्रोन, पांच पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। इन मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सबसे बड़ी बरामदगी थाना भिंडी सैदा क्षेत्र के अंतर्गत बीएसएफ पोस्ट फतेहपुर के पास हुई। यहां सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन के 12 पैकेट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 6 किलो 712 ग्राम है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल किया गया ड्रोन भी कब्जे में ले लिया है।
लोपोके इलाके में पुलिस और बीएसएफ ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तस्करी के कई मामलों का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने दो तस्करों को काबू कर उनके कब्जे से 4 किलो हेरोइन और 800 ग्राम अफीम बरामद की। इसी क्षेत्र में लिंक रोड के पास चलाए गए तलाशी अभियान में 5 किलो हेरोइन की एक और खेप लावारिस हालत में बरामद हुई। पुलिस ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 530 ग्राम अफीम जब्त की। लोपोके इलाके में ही बीएसएफ ने एक विशेष अभियान के दौरान 4 पिस्तौल, 8 मैगजीन और 100 जिंदा कारतूस बरामद किए।
अन्य कार्रवाइयों में घरिंडा क्षेत्र के एक खेत से संदिग्ध पैकेट मिलने के बाद उसकी जांच की गई, जिसमें से 596 ग्राम हेरोइन निकली। वहीं, जंडियाला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से .32 बोर की एक पिस्तौल, मैगजीन और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सभी मामलों में संबंधित थानों में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
